
रेवाड़ी, 26 फरवरी (सोनिया सैनी)।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा होली पर्व को केमिकल रहित रंग से खेलने के लिए आर्गेनिक गुलाल बनाया गया है। डीसी अभिषेक मीणा ने गुरुवार को लघु सचिवालय में स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए आर्गेनिक गुलाल को लॉन्च किया।
डीसी अभिषेक मीणा ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि रंगों के पर्व होली को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अनोखी पहल की है। यह पहल न केवल प्राकृतिक रंगों को बढ़ावा देगी, बल्कि महिलाओं के लिए आय का सशक्त माध्यम भी बन रही है।
डीसी अभिषेक मीणा ने आमजन से आह्वान किया कि वे केमिकल रहित रंगों से ही होली खेले, जिससे किसी को त्वचा संबंधी रोग न हो। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक रंग स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाते है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह द्वारा ऑर्गेनिक गुलाल बनाने के लिए सराहना की।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के डीपीएम आफताब अहमद ने बताया कि सीईओ जिला परिषद एवं एडीसी राहुल मोदी के मार्गदर्शन में चलाएं जा रहे स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाएं गए आर्गेनिक गुलाल पूर्णत कैमिकल मुक्त पदार्थो से तैयार किए गए है। उन्होंने बताया कि इस आर्गेनिक रंग में किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्व का उपयोग नहीं किया जा रहा है और यह त्वचा और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित भी है। उन्होंने बताया कि यह आर्गेनिक गुलाल बीडीपीओ कार्यालय रेवाड़ी, बीडीपीओ कार्यालय बावल व राजीव चौक पर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन पर उपलब्ध है।
इस अवसर पर बीपीएम लोकेश, सुमित, बीसीसी सविता, स्वयं सहायता समूह की सदस्य, राजबाला, हेमलता, सरिता, चांदनी, किरण व अन्नु आदि मौजूद रहे।
