
रेवाड़ी, 26 फरवरी (सोनिया सैनी)।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि आमजन की शिकायतों का तत्परता से समाधान करना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी अभिषेक मीणा ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते प्राथमिकता से समाधान करवाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने समाधान शिविर में गांव कोलाना निवासी कैलाश देवी की दिव्यांग पेंशन बनाने की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही पेंशन बनवाकर पीडि़त को राहत पहुंचाई। जिस पर कैलाश देवी ने हरियाणा सरकार व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समाधान शिविर के दौरान सरस्वती विहार में सीवरेज जाम होने के कारण गली में पानी जमा होने की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव सुनारिया निवासी हंसराज का मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान में कारगर और सार्थक सिद्ध हो रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनकर उनका प्राथमिकता से समाधान करवाते हैं। इन समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को समाधान शिविरों का पूरा लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का निराकरण करवाना चाहिए।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, एडीसी राहुल मोदी और सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
—————-
