
रेवाड़ी, 8 अप्रैल (सोनिया सैनी)।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है, इसके लिए संबंधित अधिकारी व एजेंसियों के संचालक सुचारू रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए निगरानी रखे। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रेवाड़ी शहर में जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है, उन क्षेत्रों में सभी उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लगाने के लिए जागरूक किया जाए।
डीसी अभिषेक मीणा मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में एलपीजी गैस, पीएनजी, पेट्रोल व डीजल तथा फसल खरीद कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए दे रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के डीसी व अन्य अधिकारियों से इस संबंध में समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहे। उन्होंने बताया कि जिला में 5 किलो के लगभग 1100 सिलेंडर की उपलब्धता है। इन सिलेंडरों का वितरण मजदूरों को इस प्रकार किया जाए कि किसी मजदूर को कोई समस्या नहीं आए। वहीं कोई अनावश्यक रूप से भंडार भी न करे यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि आईडी व कंपनी या फर्म के संचालक की ओर से सत्यापित किए गए मजदूरों को ही ये सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाए। बैठक में उन्होंने कमर्शियल सिलेंडरों के पारदर्शिता से वितरण और पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
