
रेवाड़ी, 17 फरवरी( सोनिया सैनी)
थाना माडल टाऊन रेवाडी पुलिस ने चांदपुर के निकट रात के समय कुओं की केबल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव खुर्शीद नगर निवासी धर्मबीर के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया की गांव गज्जीवास निवासी समीर यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि बीते रविवार की रात वह अपने खेत में गेहूं की फसल में पानी देने के लिए जा रहा था। जब वह अपने कुएं पर पहुंचा तो वहां दो लोग बिजली की केबल चोरी कर रहे थे तथा अन्य कुओं से चोरी की हुई केबल के तार को निकालने के लिए जलाया हुआ था। उसने एक आरोपी को मौके पर ही काबू करते हुए उसे कमरे में बंद कर दिया। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। जिस पर पुलिस ने थाना माडल टाऊन रेवाडी में चोरी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त एक आरोपी गांव खुर्शीद नगर निवासी धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जलाने के बाद केबलों से निकाले गए तांबे के 15 किलोग्राम से अधिक वजन के तार बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
