
रेवाड़ी, 11 फरवरी।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा है कि रेवाड़ी जिला में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और विकासगत कार्यों को सुचारू रूप से पूर्ण करवाने के लिए सभी अधिकारी आपस में तालमेल कर एक टीम की तरह काम करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चण्डीगढ़़ से वीसी के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति की दिशा की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस बैठक में जलभराव, सोलर एनर्जी के प्रसार, पानी की निकासी, गांवों के विकास, शहरों में आम जनसुविधाएं, पशुपालन व डेयरी व्यवसाय, नहरी पानी का प्रबंधन, वन संरक्षण, चिकित्सा सेवाएं, ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना, सडक़ निर्माण, शिक्षा क्षेत्र की उन्नति, कृषि एवं किसान कल्याण, फसल खरीद आदि विषयों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा के भीतर और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ तालमेल बनाकर जिला स्तर पर विकास कार्यों को गति देना आवश्यक है, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और जनता को अधिकतम लाभ मिले।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में सभी विभाग अपनी-अपनी परियोजनाओं को पूरा करवाने के लिए तेजी से काम करें। किसी भी विकास कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी न करें। इस बैठक में रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, डीडीपीओ एचपी बंसल, डीआरओ प्रदीप देसवाल, जीएम रोडवेज निरंजन शर्मा, कार्यकारी अभियंता अशोक यादव, कार्यकारी अभियंता सतेंद्र श्योराण, परियोजना अधिकारी अर्जुन गुप्ता, परियोजना अधिकारी सुभाष सैनी आदि मौजूद रहे।
————-
