
रेवाड़ी, 02 अप्रैल (सोनिया सैनी)।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। जिलेभर की सभी एजेंसियों में नियमित रूप एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। डीसी अभिषेक मीणा ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला वासियों से पैनिक न होने का आह्वान किया है। डीसी ने कहा कि यदि किसी नागरिक को एलपीजी गैस से संबंधित समस्या आती है तो जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के हेल्पलाइन नंबर 01274-225214 पर संपर्क कर सकता है, उनकी समस्या का तत्परता से निवारण करवाया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला में ऑनलाइन बुकिंग पर निर्धारित समय पर गैस एजेंसियों द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों की घरों में सामान्य रूप से सप्लाई की जा रही है। इसके अलावा जिला में पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी भी रखी जा रही है। टीमों द्वारा फील्ड में जाकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अनावश्यक रूप से भंडारण करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला के नागरिक जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर, पेट्रोल व डीजल का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से इनका भंडारण न करें।
डीसी ने बताया कि रेवाड़ी में आईजीएल द्वारा पाइप लाइन के माध्यम से पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। रेवाड़ी में करीब 20 हजार पीएनजी के कनेक्शन भी उपभोक्ताओं द्वारा लगवाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के जिस क्षेत्र में आईजीएल की पाइप लाइन उपलब्ध है वहां के घरों में रियायत के साथ पीएनजी कनेक्शन लगाए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे उपभोक्ताओं से पीएनजी कनेक्शन लगवाने का आह्वान किया है।
