
रेवाड़ी 20-2-26 (सोनिया सैनी) पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेन्द्र कुमार मीणा, आईपीएस की ओर से आमजन को सचेत करते हुए सार्वजनिक व फ्री वाईफाई नेटवर्क के सुरक्षित उपयोग को लेकर पुलिस एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी सार्वजनिक वाईफाई का उपयोग करने वाले नागरिकों को ठगी और डेटा चोरी का शिकार बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी फर्जी वाईफाई हॉटस्पॉट, संदिग्ध लिंक और मैलवेयर के माध्यम से लोगों की व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल और पासवर्ड हासिल करने का प्रयास करते हैं। आमजन के स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण सार्वजनिक नेटवर्क पर असुरक्षित रहने पर अपराधियों के लिए आसान लक्ष्य बन जाते हैं।
रेवाड़ी पुलिस द्वारा आमजन के लिए जारी सावधानियां:
️सार्वजनिक वाईफाई पर ऑनलाइन बैंकिंग या संवेदनशील लेन-देन न करें।
️अज्ञात लिंक, पॉप-अप या फर्जी नेटवर्क से दूरी बनाए रखें।
️अपने डिवाइस में हमेशा अपडेटेड एंटीवायरस और फ़ायरवॉल रखें।
️दो-चरणीय प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication) का प्रयोग करें।
️फ्री वाईफाई उपयोग के बाद नेटवर्क से अपने डिवाइस को डिस्कनेक्ट कर दें।
️केवल प्रमाणिक और विश्वसनीय नेटवर्क का ही उपयोग करें।
यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक वाईफाई का उपयोग करते हुए साइबर अपराध का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाए।
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेन्द्र कुमार मीणा, आईपीएस ने स्पष्ट किया कि रेवाड़ी पुलिस साइबर अपराधों पर सतत निगरानी रख रही है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सतर्कता ही फ्री वाईफाई उपयोग के दौरान साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
