

रेवाड़ी 12-02-26 (सोनिया सैनी)
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेन्द्र कुमार मीणा भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार थाना प्रबन्धक खोल इंस्पेक्टर गजराज सिंह, थाना प्रबन्धक कसौला इंस्पेक्टर सतीश कुमार, थाना प्रबन्धक धारूहेड़ा इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह, थाना प्रबन्धक रामपुरा पीएसआई मनीष कुमार, चौकी इंचार्ज गढ़ी बोलनी एसआई महिपाल, चौकी इंचार्ज जगन गेट रेवाड़ी एसआई संदीप कुमार, चौकी इंचार्ज सेक्टर-3 रेवाड़ी पीएसआई राकेश कुमार, चौकी इंचार्ज डहिना एसआई रजनीश कुमार व चौकी इंचार्ज भाडावास गेट एसआई सुमन ने अपनी अपनी टीमों के साथ अपने अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने के लिए पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह गश्त क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने, नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
गश्त के दौरान थाना प्रभारियों के साथ स्थानीय व्यक्ति व पुलिस के जवान भी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र के मुख्य बाजार, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और युवाओं से सीधा संवाद किया और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनके सुझाव भी आमंत्रित किए।
उन्होने ने इस अवसर पर कहा, “हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे। पुलिस जनता की मित्र है और हमारा निरंतर प्रयास है कि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन का पुलिस पर विश्वास भी सुदृढ़ हो।”
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
क्षेत्र के निवासियों ने पुलिस के इस जन-उन्मुख प्रयास की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि इससे क्षेत्र में अपराधों में कमी आएगी और समग्र सुरक्षा का वातावरण बेहतर होगा।
