
रेवाड़ी, 21 सितम्बर (पवन कुमार )l हमारा परिवार संस्था के तत्वाधान में मां दुर्गा के चरणों की वंदना का कार्यक्रम “तूने मुझे बुलाया शेरावालिए” का आयोजन पंजाबी धर्मशाला पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय व्यापार सेवा संघ के जिला प्रधान दीपेश भार्गव, समाजसेवी आदर्श राजपाल व संस्था के संयोजक दिनेश कपूर ने कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों में हम सभी मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा करते हुए, सात्विक आहार लेते हुए अपने जीवन की दिव्यता का अनुभव करते हैं। अपने घरों के मंदिर में मां की अखंड ज्योत जलाते हैं। ध्यान रखते हैं कि ज्योत बुझने ना पाए। इसका वस्तुत: अभिप्राय है कि अपने हृदय में ज्ञान की ज्योत को निरंतर जलायें रखें। नौ दिन जब हम पवित्रता पूर्वक रहते हैं तो दसवें दिन विजयदशमी अर्थात रावण का अंत होना निश्चित हो जाता है। मन के विकार नष्ट हो जाते हैं। रावण के दहन के पश्चात दीपावली अर्थात ह्रदय में प्रकाश उदय होता है जिसमें साक्षात प्रभु राम के दर्शन होने लगते हैं। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा, समाजसेवी हरबंस लाल खुराना, उपप्रधान हेमंत ग्रोवर व डॉ बलबीर अग्रवाल ने कहा कि मां दुर्गा के आठ हाथ प्रतीक है प्रत्येक में छिपी संकल्पशक्ति का। जब हम हृदय में मां दुर्गा का आह्वान करते हैं तो हमारी सात्विक मार्ग पर चलने की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। जीवन में बड़ी सफलता सरल हो जाती है। महिला प्रधान निशा सीकरी, समाजसेविका अमिता ग्रोवर, डॉ नीतू पुन्हानी व शिक्षाविद प्रीति कपूर ने कहा कि मां दुर्गा का वाहन शेर प्रतीक है हमारे महान चरित्र का। जब हमारे विचार पवित्र होते हैं तो हम निर्भय हो जाते हैं। जीवन में किसी भी तरह की प्रतिकूलताएं आये तो उनका हम आसानी से सामना कर सकते हैं। सभी ने “तूने मुझे बुलाया शेरावालिए” भजन का मीठी-मीठी तालियों के साथ आनंद लिया। छोटी बच्ची पूर्वांशी ने मां दुर्गा का स्वरूप धारण कर सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। सभी ने डांडिया नृत्य का आनंद लिया। उल्लेखनीय सेवाओं के लिए समाजसेवी कपिल बजाज, डॉ अमित अरोड़ा, सरदार कश्मीर सिंह, समाजसेवी राजेंद्र गेरा, शिक्षाविद राजेंद्र सिंह यादव, प्रो सी एल सोनी, समाजसेवी अनिल आर्य, प्रदीप शर्मा गुड्डू व उपप्रधान कुलदीप सोनी को विशेष रूप से सम्मानित किया। आये हुए अतिथियों को मां दुर्गा, राम दरबार, शिव परिवार व हनुमान जी के चित्र भेंट किए गए। कार्यक्रम में मुख्यतः हिमांशु पिपलानी, रेयान बजाज, पुरुषोत्तम नंदवानी, प्रवक्ता देवेंद्र कुमार, कपिल कपूर, ओजस्वी, सोनिया कपूर, सुनीता, किशोरी लाल नंदवानी, नयन शर्मा व साथियों ने सहयोग किया।