
रेवाड़ी 9अप्रैल l ‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के तहत लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने युवकों- युवतियों से उनकी ज्वलंत समस्याओं एवं सामूहिक हितों को लेकर शहर में अनेक जगहों पर मुलाकातें कीं । युवाओं ने खुलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच से जनहितकारी आवाज बुलंद करने का जोरदार आग्रह किया ।
शहर के सर्कुलर रोड स्थित झज्जर चौक व बावल चौक के समीप आमंत्रित बैठकों में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच तथा कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक ,बीके राम सिंह आदि ने युवाओं से मुलाकातें कीं । युवाओं- युवतियों ने कहा कि इन दिनों वे रोजगार पाने की कोशिशों में लगे हैं । रोजगार के लिए प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी के लिए उन्हें प्रतिदिन अपने गांवों से शहर में कोचिंग,ट्यूशन,लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आना-जाना पड़ता है ,मगर बस पास की रियायती सुविधा नहीं मिलने के कारण उनके सामान्य परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है । उन्होंने रेगुलर स्टूडेंट्स की तर्ज पर कोचिंग, ट्यूशन तथा लाइब्रेरी में पढ़ने वाले युवा बेरोजगारों को भी सरकार से रियायती बस पास सुविधा प्रदान करने की मांग की ।
इस कड़ी में उन्होंने कहा कि जॉब वैकेंसीज निकालने में भर्ती एजेंसियों की ओर से बहुत देरी की जाती है । अनेक पदों की भर्तियां तो तीन-चार साल में निकालीं जाती हैं ,जिनकी विज्ञापित वैकेंसीज की थोड़ी संख्या बेरोजगारों की भारी भीड़ के सामने ‘ऊंट के मुंह में जीरे’ के समान होती है तथा भर्तियां पूरी होने में भी लंबा समय लग जाता है । ऐसे में एसएससी की तर्ज पर केंद्र व हरियाणा की प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनना चाहिए जिससे जाॅब वैकेंसिज के नियत समय पर एडवर्टाइज होने ,परीक्षा का निर्धारित शेड्यूल, रिजल्ट डिक्लेयर होने एवं ज्वाइन होने का भी समय तय हो सके । उन्होंने यह भी मांग उठाई कि सरकार को बेरोजगार युवक -युवतियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की एप्लीकेशन फीस में पूर्ण छूट देनी चाहिए । ऐसे युवा जो स्वरोजगार ,स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज स्थापित करने के इच्छुक हैं उन्हें 20 लाख रुपए तक के ब्याजमुक्त लोन 20% सब्सिडी के साथ लंबी अवधि के लिए दिए जाने चाहिए । उच्च शिक्षित युवाओं और युवतियों को उद्योग स्थापित करने के लिए 20 करोड रुपए तक के लोन 5% वार्षिक ब्याज दर से 20% सब्सिडी के साथ लंबी अवधि के लिए दिए जाने चाहिए । बेरोजगार युवतियों व युवाओं को गुजारे लायक क्षतिपूर्ति भत्ता ( जाॅबलेस क्लेम ) क्रमश: 58 व 60 वर्ष की आयु तक दिया जाना चाहिए । रोजगार के लिए परीक्षा ,इंटरव्यू देने जाते-जाते समय बेरोजगार युवाओं- युवतियों को बस,ट्रेन एवं एरोप्लेन के किरायों में पूर्ण छूट तथा निजी वाहन का प्रयोग करने पर टोल टैक्स से मुक्त किया जाना चाहिए ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि उनकी सामूहिक समस्याओं एवं जायज मांगों को लेकर जल्द देश -प्रदेश की सरकारों का ध्यान दिलाने के लिए जनहित में मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगे ।
