
रेवाड़ी 18 फरवरी, 2026( सोनिया सैनी) शहीद भगत सिंह यादगार कमेटी धारूहेड़ा, रेवाड़ी ने भिवाड़ी, राजस्थान में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में 7 मजदूरों के जलकर मरने तथा अनेकों मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की वीभत्स धटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए इस धटना को लेकर सरकार व प्रशासन की कड़ी निन्दा की है।प्रेस को जारी बयान में कमेटी के अध्यक्ष सोशल एक्टिविस्ट कामरेड रमेश चंद्र एडवोकेट व सचिव राकेश सैनी ने कहा कि यह धटना महज एक इत्तेफाक नहीं है बल्कि सरकार व प्रशासन की लापरवाही व कुप्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री प्रशासन की नाक के नीचे मिली भगत से अवैध रूप से चलाई जा रही थी और फैक्ट्री में तय मानकों की भी पूरी तरह से अवहेलना की जा रही थी। इसलिए यह धटना हुई। उन्होंने कहा कि यह इस तरह की कोई पहली धटना नहीं है कुछ समय पहले धारूहेड़ा में भी बायलर फटने से मजदूरों की मौत हुई थी।इन घटनाओं ने साबित किया है कि सरकार प्रशासन की नजरों में मजदूरों की जान की कोई कीमत नहीं है। चार लेबर कोड लागू करने पर तो मजदूरों की और भी बुरी हालत हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि कमेटी मांग करती है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाए। राजस्थान सरकार मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा दे तथा घायलों को समुचित इलाज व उचित मुआवजा राशि तुरंत घोषित करें।
