

रेवाड़ी, 17 फरवरी (सोनिया सैनी)।
हरियाणा के लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल वर्मा ने मंगलवार को जिला कारागार रेवाड़ी का निरीक्षण कर जेल में बंदियों व कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिला कारागार पहुंचने पर जेल अधीक्षक सुरेंद्र सिंह दलाल ने जस्टिस हरिपाल वर्मा का स्वागत किया।
लोकायुक्त ने जेल अधीक्षक से जेल में बंद बंदियों व कैदियों की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था तथा कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त की। जस्टिस हरिपाल वर्मा ने निरीक्षण के दौरान जेल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और बंदियों व कैदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जस्टिस वर्मा ने हरियाणा लोकायुक्त अधिनियम, 2002 की धारा 10 के प्रावधानों के संबंध में बंदियों और जेल अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कैदियों से स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, पेयजल, रहने की व्यवस्था और कानूनी सहायता से जुड़ी समस्याओं पर भी बातचीत की। लोकायुक्त ने जेल रसोईघर का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा भोजन तैयार करने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
जेल अधीक्षक सुरेंद्र सिंह दलाल ने लोकायुक्त को बताया कि कैदियों के लिए निर्धारित मैन्यू के अनुसार संतुलित व पौष्टिक भोजन तैयार किया जाता है और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। जस्टिस हरिपाल वर्मा ने निरीक्षण के उपरांत जेल प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा आवश्यक सुधारों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों व कैदियों को मानवीय दृष्टिकोण के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जेल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर डीएसपी पवन कुमार, उप-अधीक्षक जेल राकेश लोचब उपस्थित थे।
