
रेवाड़ी, 30 मार्च (सोनिया सैनी)।
डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में शिकायतें सुनने के दौरान डीसी ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की शिकायतों के निदान का केंद्र बन रहे हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में लोग अपनी शिकायतों के निवारण के लिए पहुंच सकते हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निवारण करवा रहे हैं। इन शिविरों में आने वाली शिकायतों के समाधान की मुख्यमंत्री स्वयं मॉनिटरिंग भी करते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से उच्चाधिकारियों द्वारा भी हर सप्ताह वर्चुअल माध्यम से बैठक कर समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों के निवारण संबंधित समीक्षा की जाती है, इसलिए आमजन को इन समाधान शिविरों का लाभ उठाना चाहिए।
सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में गांव सुर्खपुर व बिहारीपुर में पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीसी ने डीडीपीओ को जांच कर अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। धारूहेड़ा के सेक्टर-4 में ग्रीन बेल्ट पर अवैध रूप से हो रहे निर्माण की शिकायत पर डीसी ने एचएसवीपी को शिकायत पर जांच करते हुए कार्यवाही करें तथा इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेें। गांव गोठड़ा टप्पा डहीना में एससी चौपाल पर अवैध कब्जा किया हुआ है, इस शिकायत पर बीडीपीओ डहीना को निर्देश दिए कि मामले की जांच करते हुए संबंधित के खिलाफ उचित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। इन शिकायतों के अलावा समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र, पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी, बिजली और पुलिस संबंधित शिकायतें आई, जिनका डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारी को तय समय में समाधान करवाकर समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि जनता व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण व जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को एक स्थान पर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निवारण किया जा सके।
समाधान शिविर में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, एडीसी राहुल मोदी, सीटीएम जितेंद्र कुमार व डीएसपी पवन कुमार सहित विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
