
रेवाड़ी, 30 मार्च (सोनिया सैनी)।
भगवान महावीर विद्यापीठ संस्था की तरफ से संचालित रेवाड़ी शहर के जैन पब्लिक स्कूल के 40वें स्थापना दिवस पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए भगवान महावीर विद्यापीठ संस्था की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट अतिथि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली और समाजसेवी संजय जैन का संस्था के प्रधान मोहित जैन ने स्वागत एवं अभिवादन किया।
राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाना भी शिक्षकों और अभिभावकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संस्कारवान बनाना भी उतना ही आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना होना चाहिए, जिसमें नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ भी शामिल हो।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इस दिशा में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में जहां शिक्षक बच्चों को अनुशासन, ईमानदारी और सहानुभूति जैसे गुण सिखाते हैं, वहीं घर पर अभिभावक उनके व्यवहार और सोच को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलते सामाजिक परिवेश के बीच बच्चों को सही मार्गदर्शन देना और भी आवश्यक हो गया है। यदि बच्चों में प्रारंभ से ही अच्छे संस्कार विकसित किए जाएं, तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। इस दिशा में भगवान महावीर विद्यापीठ संस्था सराहनीय कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने स्कूल पत्रिका जैन आलोक दर्पणम् और स्कूल सॉन्ग भी लॉन्च किया। वहीं संस्था द्वारा रखी गई मांगो को भी पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भगवान महावीर विद्यापीठ संस्था के सदस्य, स्टाफ और विद्यार्थियों सहित काफी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
