
रेवाड़ी, 26 मार्च (सोनिया सैनी)।
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने आमजन से आह्वान किया है कि घरेलू गैस को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और नागरिक पैनिक न करें।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी नितिश कुमार सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसी अभिषेक मीणा के दिशा-निर्देशों अनुसार जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध उपयोग के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। विभागीय टीमों द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक अलग प्रतिष्ठानों से 81 घरेलू सिलेंडर भी जब्त किए गए है। आगे भी निरन्तर यह कार्यवाही जारी रहेगी।
नितिश कुमार ने बताया कि वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि जिले में तेल विपणन कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत रखा गया है। प्रमुख तेल कंपनियां—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के पास पर्याप्त मात्रा में गैस का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर केवल अधिकृत एजेंसियों से ही प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
