

रेवाड़ी, 12 नवंबर (सोनिया)। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में निकाली जा रही यात्रा (हिंद की चादर) का जिला रेवाड़ी में रविवार, 16 नवंबर 2025 को आगमन होगा। यात्रा व नगर कीर्तन के भव्य व गरीमामयी रूप से सफल आयोजन को लेकर एडीसी राहुल मोदी ने बुधवार को लघु सचिवालय में जिला के गुरुद्वारा कमेटी प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की और यात्रा को धार्मिक भावना के साथ गरिमामयी ढंग से निकालने की पूरी रूपरेखा तैयार की गई।
एडीसी राहुल मोदी ने बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान एम्बुलेंस एवं फायर बिग्रेड गाड़ी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा यातायात बाधित न हो इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था प्रबंध पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से निकाली जा सके।
एडीसी ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंद की चादर तीसरी यात्रा 14 नवंबर को फरीदाबाद से प्रारंभ होकर शाम को गुरुग्राम में पहुंचेगी। गुरुग्राम शहर में यह यात्रा 15 नवंबर विभिन्न गुरुद्वारों से होते हुए 16 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे रेवाड़ी जिला में प्रवेश करेगी और करीब 3 बजे दोपहर बाद यह यात्रा नारनौल जिला के लिए रवाना होगी। यह यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। प्रदेश सरकार द्वारा हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 25 नवंबर 2025 को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। उन्होंने कहा कि इस शोभायात्रा के साथ-साथ जिलेभर में एक माह तक श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित विविध आयोजन हो रहे हैं, जिनमें स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के लिए सेमिनार, क्विज प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, संगोष्ठियों के साथ-साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
