
रेवाड़ी, 30 जनवरी।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निपटान करना सुनिश्चित करें। डीसी अभिषेक मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में समाधान प्रकोष्ठ पर आई शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक से पहले कमिश्नर एवं वित्त विभाग हरियाणा के सचिव सीजी रजनी कांथन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने निर्देश देते हुए कहा कि लंबित शिकायतों का तत्परता से समाधान करते हुए शिकायतकर्ता को राहत पहुंचाने में विभागीय अधिकारी सजगता दिखाएं। समाधान शिविर में जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उनसे संबंधित विवरण पोर्टल पर साथ-साथ अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर निर्धारित समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। ऑनलाइन पोर्टल पर आने वाली जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सभी विभागाध्यक्ष गंभीरता से कार्य करें। डीसी ने अधिकारियों को कहा कि समाधान शिविरों में आई समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करके शिकायतकर्ता को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें लंबित हैं उनका शीघ्र समाधान करवाना सुनिश्चित करें।
डीसी ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशन में जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण करने के लिए मौजूद रहते हैं। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का निवारण करवाने का आह्वान किया।
बैठक में एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
