
रेवाड़ी, 15 मई (सोनिया सैनी)।
रेवाड़ी जिला में समाधान शिविर के माध्यम से जन सुनवाई करते हुए जरूरतमंद लोगों की सार्वजनिक व व्यक्तिगत शिकायतों का प्राथमिकता से निदान किया जा रहा है।
डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ने गुरुवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित किए गए समाधान शिविर में लोगों की शिकायतों का निवारण किया। डीसी ने नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की शिकायतों को ध्यान से सुनना और तुरंत प्रभाव से समाधान करना है।
शिविर में गांव ततारपुर खालसा से पेड़ कटाई की आई शिकायत पर डीसी ने वन मंडल अधिकारी को सभी हरे पेड़ों पर नंबर लगाने के निर्देश दिए। गांव पाल्हावास में सर्विस रोड़ पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत पर डीसी ने एनएचएआई के अधिकारियों को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। गांव धवाना में बिना पैमाइश के रोड़ बनाने की शिकायत पर डीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को सही जांच व पैमाइश करवाते हुए सडक़ निर्माण कार्य करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीसी ने बताया कि जिला मुख्यालय सहित बावल व कोसली उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है, जहां आमजन की शिकायतों का समाधान किया जाता है।
इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
