
रेवाड़ी, 21 मार्च (सोनिया सैनी)।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के सचिव एवं सीजेएम अमित वर्मा द्वारा गांव बिठवाना के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक सिबल तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के सदस्य सचिव जगदीप सिंह के निर्देशानुसार जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया।
इस कैंप में सीजेएम अमित वर्मा ने स्कूल के बच्चों तथा स्टाफ को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में बताया तथा पॉक्सो एक्ट के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी विजेंद्र हुड्डा, प्रदीप दहिया, पीएम श्री स्कूल बिठवाना के प्रधानाचार्य दुष्यंत, लीगल लिटरेसी सैल के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रदीप तथा महिंद्रा से अमित संगी आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीजेएम अमित वर्मा ने सभी को नशा न करने के बारे में प्रेरित किया तथा उससे होने वाले नुकसान के बारे में उनको अवगत करवाया। उन्होंने अमित संगी के सहयोग से सीएसआर योजना के तहत स्कूल के बच्चों को स्कूल बैग तथा स्टेशनरी वितरित की। इसके अलावा सीजेएम अमित वर्मा ने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा आमजन के लिए चलाए गए टोल फ्री नंबर 15100 एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 01274-220 062 चलाया हुआ है जिस पर आमजन किसी भी प्रकार के कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
