
रेवाड़ी 7-3-26 (सोनिया सैनी)पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा,आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है इसी कड़ी में थाना माडल टाऊन रेवाड़ी पुलिस ने करनावास में लकड़ी के स्क्रैप का धंधा करने वाले व्यक्ति से मंथली की मांग करने और उसके कारिंदों से मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव आसलवास निवासी सौरव के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया की गत 4 मार्च को सेक्टर-3 रेवाड़ी सोसायटी में रह रहे मूल रूप से बिहार के चौपार खुर्द निवासी कन्हई कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह लकड़ी के स्क्रैप का कारोबार करता है। उसने करनावास में गोदाम बनाया हुआ है, जिस पर कार्य करने के लिए 30 श्रमिक रखे हुए हैं। गत 16 फरवरी को वह अपने गोदाम पर था। उसी दौरान एक युवक वहां आया। उसने अपना नाम गांव आसलवास निवासी दिनेश बताते हुए कहा कि उसे उसके गांव के रहने वाले सौरव ने भेजा है। उसने फोन पर सौरव नाम के एक युवक से उसकी बात कराई। सौरव ने उसे हर माह 30 हजार रुपये देने की धमकी दी। मंथली नहीं देने पर उसके गोदाम को आग लगाने और उसे व उसके परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उसने सौरव को पैसे देने से इनकार कर दिया था। कन्हई कुमार ने आरोप लगाया कि 4 मार्च को वह गोदाम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसके वर्कर मुकेश ने उसे फोन पर बताया कि एक सौरव नाम का युवक आया है। वह उससे बात करने के लिए धमका रहा है। इसके बाद वह गोदाम पर पहुंचा तो उसने 30 हजार रुपये हर माह देने की बात दोहराते हुए पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके तीन श्रमिकों को पीटकर घायल कर दिया। जिस पर पुलिस ने थाना माडल टाऊन रेवाड़ी में मामला दर्ज करके मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए वीरवार को मामले में संलिप्त एक आरोपी गांव आसलवास निवासी सौरव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
