
रेवाड़ी, 05 मार्च (सोनिया सैनी)।
डीसी अभिषेक मीणा ने एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के साथ गुरुवार को जिला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में आयोजित की जा रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रशासन पूरी तरह से सजग है। बोर्ड की 10वीं, 12वीं व डीएड की वार्षिक परीक्षाओं को नकल रहित व शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाने के लिए दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जा रही है। डीसी ने निरीक्षण के दौरान मौजूद केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्रों को नकल रहित बनाने के लिए सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दें तथा परीक्षा देने आ रहे परीक्षार्थियों की चेकिंग सुनिश्चित करें। नकल रहित परीक्षा सम्पन्न करवाने के लिए जिला में गठित की गई उड़नदस्ता की टीमों द्वारा भी निगरानी रखी जा रही है।
