
रेवाड़ी, 16 अप्रैल (सोनिया सैनी) एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है इसी कड़ी में सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने गत 26 जनवरी को गांव भालखी के सरपंच प्रतिनिधि पर लाठी डण्डो से पीट पीटकर जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला महेंद्रगढ़ के गांव भौडी निवासी दीपक रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में 12 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ता ने बताया कि गांव ढाणी भालखी निवासी सुरेंद्र उर्फ धोलिया ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 26 जनवरी के दिन गांव भालखी के स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने ताऊ के लडके दीनदयाल के साथ गया था। कार्यक्रम के बाद वह अपनी ब्रेजा कार से घर लौट रहा था। गांव माजरा का अंडरपास क्रॉस करते ही एक बोलेरो कैंपर ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। एक बोलेरो उसकी कार के आगे लगा दी गई। इन गाड़ियों से रवि, योगेश, पकंज निवासी प्रतापुर सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग उसके पास आए। इसके बाद रवि, नवीन व शीशपाल ने उसे गाड़ी से बाहर निकालकर कहा कि तूने भाई रविंद्र हाथी से मारपीट की थी। उसी ने बदला लेने के लिए हमें भेजा है। उसने आरोप लगाया कि रवि ने उस पर फायर करने का प्रयास किया तो मैगजीन पिस्टल से निकल गई। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ लाठी डंडों व राड से जमकर मारपीट की। जो इस मामले में पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया था। टीम ने मौके से एक मैगजीन व तेज धार हथियार बरामद किए थे, मैगजीन में पांच जिंदा कारतूस मिले थे। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खोल में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त 12 आरोपी राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव काठुवास निवासी साहिल, जिला महेंद्रगढ़ के गांव महासर निवासी लोकेश, गांव माजरा निवासी नवीन, रविंद्र उर्फ हाथी व शीशपाल उर्फ पाला, गांव नांगल जमालपुर निवासी कमल, राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव परतापुर निवासी पंकज, योगेश उर्फ़ चिल्लु, रवि कुमार व सोनू उर्फ़ अंधेरा, जिला महेंद्रगढ़ के गांव ऊंची भांडोर निवासी सचिन उर्फ अमरूद व नवीन उर्फ राधे को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, वारदात में प्रयोग की गई तीन गाड़ी व लोहे की राड बरामद की थी। जो इस मामले में सीआईए धारूहेड़ा ने बुधवार को मामले में संलिप्त एक और आरोपी जिला महेंद्रगढ़ के गांव भौडी निवासी दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
