
रेवाड़ी, 11 अप्रैल।
डीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसायटी प्रधान अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन व रेडक्रॉस सोसायटी सचिव बिजेंद्र सौरोत के नेतृत्व में जिला रेडक्रास सोसायटी रेवाड़ी द्वारा शुक्रवार को रेडक्रॉस कार्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। रक्तदान शिविर में पूर्व नगर परिषद ईओ मनोज यादव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। शिविर में एडवोकेट एवं रेडक्रॉस कार्यकारिणी सदस्य कैलाश चन्द व रणजीत सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदान को जीवनदान बताते हुए कहा कि रक्त शरीर के अन्दर ही बनता है। इसे अन्य किसी भी तरह एक उत्पाद की तरह नहीं बनाया जा सकता। युवा वर्ग को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए ताकि रक्त के अभाव में किसी भी मनुष्य की मौत न हो पाए। सचिव बिजेंद्र सोरोत ने इस अवसर पर कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए, रक्त किसी को जीवनदान दे सकता है।
इस रक्तदान शिविर में प्राथमिक चिकित्सा के प्रशिक्षणार्थियों के द्वारा बढ़चढ़कर भाग लिया गया। रक्तदान शिविर में सामान्य अस्पताल रेवाड़ी की टीम ने कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशिक्षण अधिकारी प्रेम प्रकाश, राजकुमार, संजय, कविता, प्राथमिक सहायता प्रवक्ताओं तथा ब्लड बैंक की टीम एवं रेड क्रॉस स्टाफ के सभी कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
