
रेवाड़ी 9अप्रैल l चौकी सेक्टर-3 पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सेक्टर-3, रेवाड़ी निवासी जय राय उर्फ जय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 02 जैक व 01 पाना बरामद किया है।जांचकर्ता ने बताया की गांव ऊँचा निवासी दीपक यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 5 अप्रैल को उनकी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी का कसौला चौक के पास एक्सीडेंट हो गया था। उसने अपनी गाड़ी को क्रेन से टोचन करवाकर सुरक्षा की दृष्टि से सेक्टर-3 स्थित जीएसटी कार्यालय के सामने खड़ी किया था। गत 7 अप्रैल को जब उसने अपनी गाड़ी को देखा तो गाड़ी का ड्राइवर साइड का शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी के अंदर से एक बैटरी, 2 जैक, 2 पाने, 1 रॉड और पर्स में रखे करीब 3-4 हजार रुपये गायब थे। जिस पर पुलिस ने थाना माडल टाउन रेवाड़ी में चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जो जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को मामले में संलिप्त एक आरोपी सेक्टर-3 रेवाड़ी निवासी जय राय उर्फ जय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 02 जैक व 01 पाना बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
