
रेवाड़ी, 11 अप्रैल।
आयुष विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार व डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में आयुष विभाग रेवाड़ी द्वारा फ्रेडरिक सैमुएल हैनीमेन के जन्मदिवस पर शुक्रवार को हुडा डिस्पेंसरी, सेक्टर-4, रेवाड़ी में नि:शुल्क होम्योपैथिक कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. बसंत कुमार द्वारा होम्योपैथिक पद्धति के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन करके किया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. बसंत कुमार ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि विश्व होम्योपैथी दिवस प्रतिवर्ष 10 अप्रैल को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमेन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य होम्योपैथी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, इसके वैज्ञानिक आधार और प्रभावशीलता को आमजन तक पहुंचाना तथा इसे एक सुरक्षित, सरल और किफायती उपचार प्रणाली के रूप में प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जिले में सरकारी होम्योपैथिक औषधालय उपलब्ध है तथा आमजन इनका लाभ ले सकते हैं।
डा. मनोज यादव ने होम्योपैथी के इतिहास एवं डा. सीएफएस हैनीमेन के जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस कैम्प में फार्मासिस्ट रायसिंह, इंद्रजीत व दीपक यादव द्वारा कुल 187 मरीजों की ओपीडी की गई और मरीजों को होम्योपैथिक औषधियां प्रदान की। कैम्प के सफल समापन पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने सभी चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं कर्मचारियों, तथा पंचकर्म विशेषज्ञ डा. पूनम व योग विशेषज्ञ राकेश छिल्लर को बधाई देते हुए भविष्य में ऐसे ही जनसेवा हेतु अपनी निरंतर गतिविधियां करते रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैम्प के नोडल अधिकारी डा. नरेश कुमार यादव, डा. नीतू यादव, डा. मनोज यादव, डा. निशा यादव व डा. राजीव कुमार द्वारा ओपीडी की सेवाएं प्रदान की गई।
