
रेवाड़ी, 18 मार्च(सोनिया सैनी )।
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के सचिव एवं सीजेएम अमित वर्मा की अध्यक्षता में मेदांता द मेडिसिटी गुरुग्राम व स्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी के सहयोग से जिला जेल रेवाड़ी में सभी कैदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कैंप में जिला जेल में उपस्थित सभी कैदियों का चिकित्सा परीक्षण किया गया।
इस कैंप में कैदियों के लिए स्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी द्वारा सामान्य चेकअप, दंत तथा नेत्र चिकित्सा की जांच की गई। वहीं मेदांता द मेडिसिटी की तरफ से इसीजी तथा बोन डेंसिटी का चेकअप किया गया। मेदांता के कार्डियोलॉजिस्ट तथा जनरल फिजिशियन ने शिविर में कैदियों का विटल टेस्ट किया।
इस अवसर पर सीजेएम अमित वर्मा, सीएमओ रेवाड़ी डॉ नरेंद्र दहिया तथा मेदांता द मेडिसिटी के चिकित्सक व उनकी टीम सहित जिला जेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
