
रेवाड़ी, 31 मार्च (सोनिया सैनी)।
सामाजिक कार्यों में सहभागिता से जीएलएस एलोपाक पा. लि. द्वारा नागरिक अस्पताल के लिए एक एंबुलेंस व मेडिकल से जुड़ा सामान भेंट किया है। डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को नागरिक अस्पताल रेवाड़ी को उपलब्ध करवाई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित की।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि कंपनी द्वारा एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराकर जनहित के लिए सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को इस एंबुलेंस का विशेष रूप से लाभ मिलेगा, इससे गंभीर बीमारियों व आपात स्थितियों के इलाज के लिए समय पर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा भेंट की गई इस एंबुलेंस से लोगों की जान बचाने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और समाज में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि संस्थाओं द्वारा सामाजिक कार्य कर निरंतर सहयोग दिया जाता है। यह सामाजिक कल्याण और समाज में भलाई के कार्यों के प्रति जीएलएस एलोपाक पा. लि. की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नागरिक अस्पताल भवन में मूलभूत सुविधाओं का डीसी ने किया निरीक्षण
डीसी अभिषेक मीणा ने नागरिक अस्पताल रेवाड़ी भवन का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नागरिक अस्पताल में बनाए गए नए भवन की रूपरेखा को देखा तथा उनमें जो भी मूलभूत आवश्यकताएं है उन्हें शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं सही ढंग से उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. नरेंद्र दहिया, जीएलएस एलोपाक पा. लि. के निदेशक जीओरियन, सीईओ अतुल पेहवा, सीएफओ आशीष लाकोतिया, प्लांट हेड प्रभात चड्ढा, पूने पाक हेड प्रशांत सिंह, एचआर हेड नीरू यादव, डा. सुरेंद्र यादव, डा. इंद्रजीत यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
